home page

राजगढः शादी से इंकार पर नातरा-झगड़ा में 13 लाख मांगने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजगढः शादी से इंकार पर नातरा-झगड़ा में 13 लाख मांगने वाला आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने युवती द्वारा शादी से इंकार करने पर नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत 13 लाख रुपए की मांग करने और धमकाने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने शुक्रवार को बताया कि फरियादी भगवानसिंह सौंधिया निवासी वीरेंद्रपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पुत्री कलीबाई की सगाई करीब 10 वर्ष पूर्व ग्राम पिपलबेपुरोहित निवासी विष्णु सौंधिया से हुई थी, लेकिन बेटी पढ़ाई जारी रखना चाहती है और विवाह के लिए तैयार नहीं है।

इसी बात से नाराज होकर 15 मार्च को आरोपी विष्णु और उसके पिता रामसिंह सौंधिया फरियादी के खेत पर पहुंचे और नातरा-झगड़ा के नाम पर 13 लाख रुपए की मांग की। रकम न देने पर जान से मारने और फसल नष्ट करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर धारा 308(5), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी विष्णु सौंधिया को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।कार्रवाई में थाना प्रभारी मंजू मखेनिया, एसआई सुभाष द्विवेदी, प्रआर जितेंद्र शर्मा, आर. गौरव तथा विवेक पाटिल का विशेष योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक