राजगढ़ः नाबालिग का पीछा कर परेशान करने वाला आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग बालिका का पीछा करने और वाट्सऐप पर संदेश भेजकर परेशान करने के आरोप में शनिवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर बालिका के पिता और भाई के साथ गाली-गलौज कर अभद्रता करने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि फारुख खान निवासी नई बस्ती, अकलेरा, जिला झालावाड़ (राजस्थान), जो वर्तमान में रावणबड़ली, खिलचीपुर में रह रहा था, रास्ते में उसका पीछा करता था और वाट्सऐप पर संदेश भेजकर परेशान करता था। पीड़ित के पिता और भाई ने जब आरोपित को समझाने का प्रयास किया, तो उसने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। शिकायत के आधार पर खिलचीपुर थाना पुलिस ने छेड़छाड़ सहित पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

