home page

राजगढ़: खेत में आगजनी कर नुकसान करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 | 
राजगढ़: खेत में आगजनी कर नुकसान करने वाला आरोपी गिरफ्तार


राजगढ़, 28 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के करनवास थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खेत में कटी रखी गेहूं की फसल में आग लगाकर नुकसान करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया।

थानाप्रभारी कर्मवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि 26 मार्च को ग्राम भीलवाड़िया निवासी जुगलकिशोर पिता मनोहरलाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने कटवाकर खेत में गेहूं की फसल को ढेर के रूप में रखा था। शुक्रवार देर रात अचानक आग लगने से लगभग 30-35 हजार रुपए की फसल जलकर नष्ट हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

फरियादी के अनुसार घटना से 5-6 दिन पहले गांव के इंदर सिंह पिता मदनलाल यादव द्वारा उनके साथ गाली-गलौज की गई थी तथा उन्हें “अन्न से मोहताज करने” और “जान से खत्म करने” की धमकी दी गई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने आरोपी पर संदेह जताया था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले,जिसके बाद पुलिस ने इंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 296(बी), 351(3) एवं 326(एफ) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक