आर्मी डे परेड के लिए बीएचईएल की सड़कें होंगी चौड़ी, टैंकों की आवाजाही के अनुरूप होगा निर्माण
भोपाल, 07 सितंबर (हि.स.)। अगले वर्ष 15 जनवरी 2027 को प्रस्तावित आर्मी डे परेड को लेकर राजधानी भोपाल में प्रशासन और सेना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जंबूरी मैदान से बीएचईएल दशहरा मैदान के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग को परेड के लिए विकसित किया जा रहा है। इस दौरान सड़क को लगभग 80 फीट चौड़ा करने के साथ मौजूदा डिवाइडर और चार प्रमुख रोटरियों को हटाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार परेड मार्ग में सद्भावना चौक, प्रगति चौक, बरखेड़ा पठानी चौक और गांधी चौक की रोटरियां शामिल हैं। इन्हें हटाकर मार्ग को इस तरह तैयार किया जाएगा कि सैन्य टुकड़ियों के साथ टैंक और अन्य भारी सैन्य वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न आए।
एक वरिष्ठ यातायात अधिकारी के अनुसार सेना के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के बीच सड़क की मजबूती को लेकर समन्वय किया जा रहा है। सड़क का निर्माण इस तरह किए जाने की योजना है कि भारी सैन्य वाहनों के दबाव और भार को आसानी से सह सके। परेड मार्ग के बीच और किनारों पर आने वाले पेड़ों, अन्य बाधाकारी संरचनाओं तथा बिजली के खंभों को आवश्यकतानुसार हटाने या स्थानांतरित करने की तैयारी है।
मुख्य परेड मार्ग महात्मा गांधी स्क्वायर से सद्भावना स्क्वायर तक करीब दो किलोमीटर लंबा होगा। यहां विशेष मंच तैयार किया जाएगा, जहां सेना प्रमुख परेड में शामिल सैन्य दलों की औपचारिक सलामी लेंगे।
परेड मार्ग के निर्माण और तैयारियों के चलते दिसंबर से बीएचईएल रोड को आम यातायात के लिए बंद किए जाने की संभावना है। इसके कारण रायसेन रोड पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। वर्तमान में मेट्रो निर्माण के कारण रायसेन रोड के कई हिस्सों में बैरिकेडिंग और संकरे मार्ग की स्थिति बनी हुई है।
यातायात व्यवस्था पर संभावित अतिरिक्त दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग और डायवर्जन की योजना तैयार करना शुरू कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) बसंत कौल ने बताया कि यातायात पुलिस ने मेट्रो निर्माण एजेंसी से प्रभात स्क्वायर से पिपलानी तक चल रहे डायवर्जन कार्य को जल्द पूरा करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यह कार्य समय पर पूरा होने से बीएचईएल रोड बंद होने के दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्ग से सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। आर्मी डे परेड को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

