home page

राजगढ़ः एसपी ने ली अपराधों की समीक्षा बैठक

 | 
राजगढ़ः एसपी ने ली अपराधों की समीक्षा बैठक


राजगढ़, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रविवार को पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कंट्रोल रूम में जिले के सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे सहित सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों, लंबित प्रकरणों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे, महिला अपराधों की संवेदनशील विवेचना, स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी तथा न्यायालयीन मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में जनसहयोग से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की पहचान में आसानी हो सके।

एसपी ने कहा कि चोरी और नकबजनी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए तथा फरियादियों की शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, नियमित पुलिस चैपाल आयोजित कर आमजन से संवाद बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में यातायात जागरूकता अभियान और सेफ क्लिक 2.0 अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने तथा साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान उत्कृष्ट विवेचना कर न्यायालय से अपराधियों को दंडित कराने वाले विवेचकों और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को प्रशस्ति- पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक के अंत में एसपी अमित तोलानी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पारदर्शी कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक