home page

अनूपपुर: बिना परमिट दौड़ रही दो स्कूल बसें जब्त, लगाया 22,500 रुपये का जुर्माना

 | 
अनूपपुर: बिना परमिट दौड़ रही दो स्कूल बसें जब्त, लगाया 22,500 रुपये का जुर्माना


अनूपपुर: बिना परमिट दौड़ रही दो स्कूल बसें जब्त, लगाया 22,500 रुपये का जुर्माना


अनूपपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सुरक्षित स्कूल बस संचालन करने के लिए यातायात विभाग ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कुल 23 स्कूली बसों और अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 12 स्कूली वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई और उनसे कुल 22,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जांच के दौरान दो बड़े स्कूलों की लापरवाही सामने आई। महर्षि एंग्लो जर्मन स्कूल अनूपपुर की बस एमपी 65 पी0112 और ग्रीनलैंड स्कूल कोतमा के बच्चों को ले जा रहा वाहन एमपी 65 बीबी 0675 बिना वैध परमिट के सड़क पर दौड़ते पाए गए। पुलिस ने इन दोनों वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की है। यातायात पुलिस की इस जांच में बसों के परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, अग्निशामक यंत्र (फायर सेफ्टी), फर्स्ट एड बॉक्स और इमरजेंसी गेट (आपातकालीन निकास) जैसे जरूरी सुरक्षा मानकों को परखा गया। जिन वाहनों में ये दस्तावेज या सुरक्षा उपकरण नहीं मिले, उनके खिलाफ मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। इस दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख स्कूलों के वाहनों का निरीक्षण हुआ।

सिखाए यातायात के नियम

जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि इस अभियान का मकसद केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बच्चों को सुरक्षित रखना भी है। चेकिंग के साथ-साथ पुलिस टीम ने विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही बस ड्राइवरों को रफ्तार पर काबू रखने और बच्चों की सुरक्षा को सबसे आगे रखने की सख्त हिदायत दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला