home page

अनूपपुर:‘मेरे सपनों का भारत’ विद्यार्थियों और युवाओं को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास- मंत्री जायसवाल

 | 
अनूपपुर:‘मेरे सपनों का भारत’ विद्यार्थियों और युवाओं को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास- मंत्री जायसवाल


अनूपपुर:‘मेरे सपनों का भारत’ विद्यार्थियों और युवाओं को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास- मंत्री जायसवाल


अनूपपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रदेश में शासन, प्रशासन के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यह बात सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत गुरूवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोतमा में विकासखण्ड स्तरीय चित्रकला, निबंध, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन में मध्यप्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सहभागिता से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। प्रत्येक नागरिक अपने दायित्व का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि भारत विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रेल एवं अन्य अधोसंरचना, डिजिटल तकनीक और अंतरिक्ष विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। चंद्रयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों ने भारत की वैज्ञानिक क्षमता को नई पहचान दी है। किसानों और महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जीत धुर्वे के चित्र और परिधि पाण्डेय के भाषण की सराहना

राज्यमंत्री ने चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनके विषय एवं कल्पना के संबंध में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थी जीत धुर्वे द्वारा विकसित भारत की संकल्पना पर तैयार किए गए चित्र का अवलोकन करते हुए राज्यमंत्री ने उसकी विषयवस्तु एवं रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की तथा विद्यार्थी का उत्साहवर्धन किया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी परिधि पाण्डेय ने ‘विकसित भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। राज्यमंत्री ने परिधि पाण्डेय के विचारों एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी रचनात्मक अभिव्यक्ति उनके भीतर की प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण के प्रति सोच को सामने लाती है।

विद्यार्थियों ने चित्रों और रचनात्मक प्रस्तुतियों से दिखाई विकसित भारत की कल्पना

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास, बेहतर सड़क एवं परिवहन सुविधाएं, आधुनिक तकनीक, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, वैज्ञानिक उपलब्धियों एवं पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों को चित्रकला, निबंध, रंगोली एवं भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना को रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया।

राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भविष्य का लक्ष्य अभी से निर्धारित करें और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें। पढ़ाई के साथ सामान्य ज्ञान तथा अपने समाज, नगर, प्रदेश और देश से संबंधित विषयों की जानकारी भी रखें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य के निर्माता हैं। विद्यार्थी अपने ज्ञान, कौशल, अनुशासन और परिश्रम के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और देश के हित में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सहभागिता, परिश्रम और जिम्मेदारी से साकार होगा।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टी आर नाग, नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा अजय सराफ, उपाध्यक्ष वैशाली ताम्रकार, बीईओ आर के मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला