home page

अनूपपुर: रुक रुक कर झमाझम बारिश, बादलों की मौजूदगी से और वर्षा के संभावनाएं, फसलों को फायदा

 | 
अनूपपुर: रुक रुक कर झमाझम बारिश, बादलों की मौजूदगी से और वर्षा के संभावनाएं, फसलों को फायदा


अनूपपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब और लौटते मानूसन से जिले में पिछले कुछ दिनों से जिले के अधिकांश हिस्से झमाझम बारिश से तरबतर हो रहे हैं। बुधवार को दिनभर धूप-छांव और हल्की हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।

बारिश से जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र पानी पानी हो गया। जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित, जैतहरी, कोतमा, राजेंद्रग्राम के निचले इलाके सहित अन्य क्षेत्र में बारिश हुई। हालांकि अभी भी आसमान पर काले बादलों की जमघट लगा हुआ है, रात में और बारिश की संभावनाएं बनी हुई है।

अधीक्षक भू अभिलेख कार्यालय अनूपपुर प्रदीप मोगरे ने बताया कि वर्तमान में अनूपपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का मुख्य कारण लौटते हुए मानसून का सक्रिय होना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने हवा के निम्न दाब और सिस्टम के एक्टिव के कारण सितम्बर माह के अंत तक बारिश होते रहने की संभावनाएं बनी रहेगी। अधिकारी के अनुसार अनूपपुर जिले में पिछले 24 घंटे में अमरकंटक क्षेत्र में लगभग 1.6 मिमी बारिश हुई है, जिसमें अमरकंटक में 1.0 मिमी और बेनीबारी में 11.8 मिमी वर्षा दर्ज है।

जबकि जिले में 1 जून से अब तक 1055.1 मिमी सामान्य औसत वर्षा हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 44.2 मिमी वर्षा अधिक है। पिछले वर्ष इस अवधि तक कुल सामान्य औसत वर्षा 1010.9 मिमी वर्षा हुई थी। वहीं जिले में सामान्य मानक औसत वर्षा 1113.4 मिमी वर्षा हो जाना चाहिए था। वर्षा को देखते हुए कृषि विभाग ने इसे खरीफ की तैयार हो रही धान की फसल सहित अन्य के लिए फायदेमंद बताया है। विभाग के अनुसार धान की फसल में इस प्रकार की हल्की बारिश उसके ग्रोथ के साथ फल लगने के दौरान पुष्ट फल (बाली)भी बनाएगा। फिलहाल बारिश से किसानों को राहत मिली हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला