home page

अनूपपुर : खेत गईं दो महिलाओं पर भालू का हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

 | 
अनूपपुर : खेत गईं दो महिलाओं पर भालू का हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर


अनूपपुर, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार सुबह भालू के हमले से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना ग्राम पंचायत धनगवां के पटपरिहा टोला की है, जहां दोनों महिलाएं सुबह खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान जंगल से निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर-शराबे के बाद भालू मौके से भागकर जंगल में चला गया।

जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित पटपरिहा टोला निवासी गुड्डी कोल (35) पत्नी गोरेलाल कोल और तिजिया कोल (65) पत्नी रामबदन कोल सुबह दिशा मैदान के लिए खेत की ओर गई थीं। तभी अचानक एक भालू ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में महिलाओं के चेहरे, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत धनगवां के सरपंच संजय गोठिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल फुनगा अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी मामले की जानकारी दी गई।

वन्यजीव संरक्षण से जुड़े समाजसेवी नरेंद्र प्रताप सिंह और उमेश अग्रवाल ने फुनगा अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा परिजनों से घटना की जानकारी ली। बताया गया कि जिला मुख्यालय के वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल के आग्रह पर वे अस्पताल पहुंचे थे।

फुनगा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना उपवन मंडल अधिकारी प्रकाश मनोहर राव पखाले और कोतमा वन परिक्षेत्र अधिकारी हरीश कुमार तिवारी को भी दे दी गई है। वन विभाग ने क्षेत्र में भालू की गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के ग्रामीणों से जंगल तथा खेतों की ओर जाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला