home page

अनूपपुर विद्युत वृत्त को मिला अंतरराष्ट्रीय आईएसओ प्रमाणन

 | 
अनूपपुर विद्युत वृत्त को मिला अंतरराष्ट्रीय आईएसओ प्रमाणन


अनूपपुर विद्युत वृत्त को मिला अंतरराष्ट्रीय आईएसओ प्रमाणन


अनूपपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के जबलपुर क्षेत्रांतर्गत अनूपपुर विद्युत वृत्त को कार्यालयीन स्वच्छता, पर्यावरण प्रबंधन, गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन तथा मानकीकृत कार्यप्रणाली के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के आईएसओ 9001:2015 एवं आईएसओ 14001:2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए हैं। सोमवार को यह जानकारी अधीक्षण अभियंता इमरान खान ने दी।

कंपनी के अनुसार यह उपलब्धि गुणवत्ता आधारित कार्यसंस्कृति, सुव्यवस्थित प्रशासनिक व्यवस्था और उपभोक्ता-केंद्रित सेवाओं के प्रति अनूपपुर वृत्त की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मुख्य अभियंता (शहडोल क्षेत्र) प्रमिल मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में अनूपपुर वृत्त ने Best Place to Work अभियान तथा 5S Methodology के तहत कार्यालयों को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और मानकीकृत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसी अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप अनूपपुर वृत्त को यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ।

प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में मुख्य अभियंता प्रमिल मिश्रा ने अधीक्षण अभियंता इमरान खान को ISO प्रमाण-पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने अनूपपुर वृत्त के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण एवं उपभोक्ता-केंद्रित सेवाएं निरंतर प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला