home page

उज्जैनः भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वाले रोशन यादव के खिलाफ महाकाल थाना में एफ. आई. आर. दर्ज

 | 
उज्जैनः भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वाले रोशन यादव के खिलाफ महाकाल थाना में एफ. आई. आर. दर्ज


उज्जैन , 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोशल मीडिया पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जाने वाले श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद के संबंध में एक भ्रामक वीडियो वायरल किया गया है। उक्त वीडियो में श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए लड्डू टूटे होने एवं प्रसाद ग्रहण करने से स्वास्थ्य खराब होने संबंधी निराधार एवं भ्रामक प्रचार किया गया है।

शुक्रवार को यह जानकारी देते महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद रागी आटा (मिलेट), गुड़ एवं शुद्ध घी से पूर्ण स्वच्छता एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया जाता है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इस प्रसाद को गहन आस्था एवं विश्वास के साथ ग्रहण करते हैं। यह प्रसाद लाखों भक्तों की श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक है। रागी से निर्मित यह श्रीअन्न प्रसादम् कैल्शियम, आयरन और फाइबर का अच्छा स्त्रोत होकर स्वास्थ्यवर्धक है!

वायरल वीडियो में जानबूझकर प्रसाद को बिखेरकर प्रदर्शित किया गया है, जबकि उसी वीडियो में प्रदर्शित अन्य पैकेट में श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि वीडियो भ्रामक है तथा मंदिर की प्रतिष्ठा को क्षति पहुँचाने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया है। उक्त भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्ति रोशन यादव निवासी उज्जैन (सोशल मीडिया इंस्टाग्राम आईडी _roshan_yadav22 )के विरुद्ध महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा महाकाल थाना, उज्जैन में प्रकरण दर्ज कराया गया है।

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति समस्त श्रद्धालुओं से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस प्रकार के भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो से सावधान रहें तथा किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल