home page

“वेस्ट टू वेल्थ” की पहल: मंदिरों के फूलों से तैयार हुआ हर्बल गुलाल

 | 
“वेस्ट टू वेल्थ” की पहल: मंदिरों के फूलों से तैयार हुआ हर्बल गुलाल


आगरमालवा, 03 मार्च (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के आगरमालवा नगर पालिका परिषद ने एक अभिनव पहल करते हुए मंदिरों में चढ़ने वाले फूलों से प्राकृतिक हर्बल गुलाल तैयार कराया है। यह कार्य निकाय की सहयोगी संस्था एस के वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज द्वारा वैज्ञानिक विधि से किया जा रहा है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशलसिंह डोडवे ने बताया कि नगर के विभिन्न मंदिरों से प्रतिदिन निकलने वाले पुष्पों का व्यवस्थित संग्रहण एवं प्रसंस्करण कर उनसे हर्बल गुलाल बनाया गया है। यह पहल न केवल प्रभावी कचरा प्रबंधन का उदाहरण है, बल्कि “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को भी साकार करती है।

स्वच्छता निरीक्षक बसंत डुलगज ने बताया कि रासायनिक रंगों से त्वचा और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को देखते हुए प्राकृतिक हर्बल गुलाल का उपयोग समय की मांग है। मंदिरों के पुष्पों का पुनर्चक्रण कर उपयोगी उत्पाद बनाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक कदम है।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व पर रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक हर्बल गुलाल का उपयोग करें और स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाकर इस पहल में सहभागिता निभाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा