home page

अमृत सरोवर में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ.

 | 
अमृत सरोवर में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ.


जबलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जल सरंक्षण, जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन एवं भू-जल स्तर में वृद्धि के उद्देश्य को लेकर प्रदेश भर में वर्ष प्रतिपदा पर गुरुवार से प्रारंभ हुये जल गंगा संवर्धन अभियान की जिले में शुरुआत जनपद पंचायत जबलपुर के ग्राम सिलुआ पड़रिया में लगभग तीन वर्ष पूर्व बने अमृत सरोवर में जन सहभागिता से गाद निकासी (डी-सिल्टिंग) का कार्य शुरू कर की गई।

जल सरंक्षण और जल संवर्धन के उद्देश्य से पिछले दो वर्षों में चलाए गये जल गंगा संवर्धन अभियान को मिली सफलता को देखते हुये मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप राज्य शासन ने लगातार तीसरे वर्ष 19 मार्च से 30 जून तक इस अभियान को चलाने का निर्णय लिया है।

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जबलपुर जिले में समाज की भागीदारी और विभिन्न विभागों की सहभागिता से नवीन जल सरंचनाओं के निर्माण, भू जल संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण सरंचनाओं की साफ-सफाई, जल स्त्रोतों में प्रदूषण के स्तर को कम करने तथा मानसून में किये जाने वाले पौधारोपण की तैयारी जैसे कार्य किये जायेंगे।

ग्राम सिलुआ पड़रिया का अमृत सरोवर आसपास के कृषकों के लिए सिंचाई का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। सरोवर में एकत्र गाद को हटाने से इसकी जलधारण क्षमता में वृद्धि होगी, जल संचयन में सुधार होगा तथा भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलेगा। इसके परिणामस्वरूप आगामी ग्रीष्मकाल में जल उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ-साथ कृषकों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा।

इस अवसर पर जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया तथा सभी से वर्षा जल संचयन एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया। जिले के सभी नागरिकों से “जल गंगा संवर्धन अभियान” में सक्रिय सहभागिता करते हुए जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने की अपील भी की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक