home page

सतना जिले में बरुआ नदी के पुराने पुल से नीचे गिरी एंबुलेंस, डिलीवरी केस लेने जा रहे ड्राइवर समेत दो घायल

 | 
सतना जिले में बरुआ नदी के पुराने पुल से नीचे गिरी एंबुलेंस, डिलीवरी केस लेने जा रहे ड्राइवर समेत दो घायल


सतना जिले में बरुआ नदी के पुराने पुल से नीचे गिरी एंबुलेंस, डिलीवरी केस लेने जा रहे ड्राइवर समेत दो घायल


सतना, 16 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक एंबुलेंस बरुआ नदी के पुराने पुल से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे में ड्राइवर सहित दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पुल पर सुरक्षा रेलिंग न होने के कारण पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं।

जानकारी के अनुसार, सतना के उचेहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार तड़के एक एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर बरुआ नदी के पुराने पुल से सीधे नीचे जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को नदी से बाहर निकाला। एंबुलेंस ड्राइवर शुभम परोहा पुत्र स्वर्गीय कृष्ण परोहा, निवासी बंदरहा, उचेहरा से भटगवां गांव में एक डिलीवरी केस (गर्भवती महिला) को लेने जा रहे थे, तभी पुल पर अचानक एंबुलेंस के ब्रेक फेल हो गए और वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग विहीन पुल से नीचे गिर गया। हादसे में ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उचेहरा भेजा गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है और दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बता दें कि इस बरुआ पुल पर वाहन गिरने की यह लगातार तीसरी घटना है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। इससे पहले उचेहरा अस्पताल के डॉक्टर डॉ. शशांक सेठिया की कार भी इसी पुल से नदी में गिर गई थी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। एक बाइक सवार युवक भी इसी जगह हादसे का शिकार हो चुका है। इन तमाम हादसों के बावजूद पुल पर अब तक सुरक्षा के लिए न तो रेलिंग लगाई गई है और न ही बाउंड्री वॉल का निर्माण किया गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि एमपीआरडीसी इस मार्ग पर टोल टैक्स की वसूली तो मुस्तैदी से कर रही है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह आंखें मूंदे बैठी है।

फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को अपने कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए ड्राइवर के बयान व वाहन की तकनीकी जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत