home page

अंबेडकर जयंती पर भाजपा का ‘सेवा प्रकल्प’ लॉन्च, मुफ्त इलाज, चश्मा और हाईवे अस्पतालों को मिलेगा बढ़ावा

 | 
अंबेडकर जयंती पर भाजपा का ‘सेवा प्रकल्प’ लॉन्च, मुफ्त इलाज, चश्मा और हाईवे अस्पतालों को मिलेगा बढ़ावा


भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। डॉ. मोहन यादव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा ही संगठन’ अभियान के तहत ‘सेवा प्रकल्प’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हेमंत खण्डेलवाल, डॉ. महेन्द्र सिंह और राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में आंखों की जांच के शिविर लगाएगा और जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित इलाज देने के लिए सरकार हाईवे किनारे अस्पताल खोलने पर 30% तक अनुदान देने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि संभाग स्तर पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जा रहे हैं और आने वाले समय में हर जिले में ऐसे अस्पताल स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

‘सेवा प्रकल्प’ से जनता को मिलेगा सीधा लाभभाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्वास और मुख्यमंत्री की सक्रियता से यह ‘सेवा प्रकल्प’ जनता के दुख-दर्द दूर करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह पहल प्रदेश कार्यालय से शुरू हुई है, जिसे जल्द ही बड़े शहरों तक विस्तार दिया जाएगा।

सेवा और संगठन का नया नवाचारप्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने इसे भाजपा के ‘सेवा ही संगठन’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत का विस्तार बताते हुए कहा कि यह प्रकल्प संगठन और सरकार के सेवा कार्यों को नई दिशा देगा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि यह पहल प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोरमुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में मेडिकल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित, निर्माणाधीन या प्रस्तावित हैं। पीपीपी मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेजों के लिए रियायती दर पर जमीन उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले मेडिकल कॉलेज खोलने में बाधाएं थीं, लेकिन अब नियमों में सुधार कर स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

सेवा प्रकल्प के लिए हेल्पलाइन जारीकार्यक्रम के दौरान 9203597200 और 9203697200 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए, जिन पर संपर्क कर कार्यकर्ता और आमजन चिकित्सकीय जानकारी व सहायता प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉक्टर एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे