home page

अमरकंटक में अचानक बदला मौसम, आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश

 | 
अमरकंटक में अचानक बदला मौसम, आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश


अमरकंटक में अचानक बदला मौसम, आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश


अनूपपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट बदली। तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ बादलों की गर्जना और बिजली की चमक के बीच करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश से अमरकंटक की सड़कें और खुले क्षेत्र पानी से भर गए। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और वातावरण में ठंडक घुल गई। फिलहाल रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह से दोपहर करीब दो बजे तक अमरकंटक में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली थी। इसके बाद अचानक आसमान में काले घने बादल छाने लगे। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और तेज हवाएं चलने लगीं। बादलों की गर्जना तथा बिजली की चमक के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।

दोपहर करीब 2:45 बजे तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हुआ और इसके बाद मूसलाधार बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने पूरे अमरकंटक को तरबतर कर दिया। बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई स्थानों पर सड़कें पानी से भर गईं और खुले क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बन गई।

अचानक हुई तेज बारिश के कारण अमरकंटक पहुंचे पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से बचने के लिए लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए। बाजार और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास भी लोगों को बारिश थमने तक काफी देर रुकना पड़ा।

लगातार करीब एक घंटे हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक बढ़ गई। बारिश थमने के बाद अमरकंटक का मौसम सुहावना हो गया। आसपास के क्षेत्रों में हरियाली और नमी दिखाई देने लगी।

बताया गया है कि अमरकंटक में पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं हुई थी। पितृपक्ष के समापन के आसपास हुई इस तेज बारिश से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिला है। देर तक रुक-रुककर बारिश होने से क्षेत्र का मौसम ठंडा और खुशनुमा बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला