home page

भाेपाल: अलविदा जुमा पर इबादत में डूबा शहर, मस्जिदों में उमड़ी भीड़, अमन-चैन के लिए मांगी दुआएं

 | 
भाेपाल: अलविदा जुमा पर इबादत में डूबा शहर, मस्जिदों में उमड़ी भीड़, अमन-चैन के लिए मांगी दुआएं


भोपाल, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रमजान के पवित्र महीने के आखिरी शुक्रवार ‘अलविदा जुमा’ पर शहर में गहरी आस्था और इबादत का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मस्जिदों के बाहर नमाजियों की भीड़ जुटने लगी और दोपहर तक प्रमुख मस्जिदें पूरी तरह भर गईं।

शहर की ऐतिहासिक ताज-उल-मसाजिद, मोती मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। अलविदा जुमा के मौके पर नमाजियों में खासा उत्साह नजर आया। कई लोगों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर भी नमाज अदा की। मस्जिदों के आसपास व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और सामाजिक संगठनों की सक्रियता भी देखने को मिली।

धर्मगुरुओं ने अपने संबोधन में कहा कि रमजान आत्मसंयम, सब्र और नेक रास्ते पर चलने का संदेश देता है। इस महीने में अपनाई गई अच्छाइयों को पूरे साल जारी रखना ही इसकी असली भावना है। नमाज के बाद लोगों ने जरूरतमंदों को जकात और सदका दिया। मस्जिदों के बाहर रोजेदारों के लिए पानी, खजूर और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई। अलविदा जुमा के साथ ही रमजान की रुख्सती का एहसास भी दिखा, वहीं लोगों में ईद को लेकर उत्साह भी नजर आने लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे