home page

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के “बेहतर सिटी अभियान” का भोपाल में शुभारंभ

 | 
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के “बेहतर सिटी अभियान” का भोपाल में शुभारंभ


भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देश पर देशभर में चलाए जा रहे “बेहतर सिटी अभियान” का साेमवार काे भोपाल में शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर नागरिकों की स्थानीय एवं मूलभूत समस्याओं को समझना, उन्हें व्यवस्थित रूप से दर्ज करना और संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास करना है।

भोपाल में अभियान की शुरुआत मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव गांधी सभागार में युवा कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष गोपील कोटवाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव अमित शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज, सुरेश शर्मा, कुंदन पंजाबी, युवा कांग्रेस सचिव अनिकेत द्विवेदी सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वार्ड और मोहल्लों में सीधे नागरिकों से संवाद

अभियान के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में जाकर नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। स्थानीय समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सुनकर उन्हें लिखित रूप में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद संबंधित मुद्दों को नगर निगम, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान के दौरान समस्याओं के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेने और उसे नागरिकों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि शिकायत दर्ज कराने के साथ उसके समाधान की प्रक्रिया पर भी निरंतर नजर रखी जा सके।

मूलभूत नागरिक सुविधाएं रहेंगी प्राथमिकता

“बेहतर भोपाल अभियान” के तहत सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, बस स्टैंड, सार्वजनिक शौचालय, पार्क एवं खेल मैदान, सरकारी स्कूल और अस्पताल, पट्टा एवं आवास सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में नागरिकों से संवाद के माध्यम से स्थानीय समस्याओं की प्राथमिकता तय करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि संबंधित विभागों के समक्ष क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को व्यवस्थित तरीके से रखा जा सके।

हर वर्ग की समस्याओं को अभियान में शामिल करने का प्रयास

युवा कांग्रेस नेता गोपील कोटवाल ने कहा कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नागरिकों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अभियान के माध्यम से इन समस्याओं को केवल शिकायत या चर्चा तक सीमित रखने के बजाय व्यवस्थित रूप से दर्ज कर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का दायरा किसी एक वर्ग या क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। कामगारों, सफाईकर्मियों, छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों, ऑटो चालकों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं और सुझावों को इसमें शामिल किया जाएगा।

कोटवाल ने कहा कि “बेहतर भोपाल” केवल एक नारा नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने के साथ उनके समाधान की स्थिति पर भी संबंधित विभागों से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने भोपालवासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यक सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं, ताकि उन्हें संबंधित विभागों के समक्ष उचित तरीके से उठाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे