home page

सभी नागरिक स्व गणना पोर्टल पर आसानी से एवं गोपनीयता के साथ दर्ज करें अपनी जानकारी : कलेक्टर

 | 
सभी नागरिक स्व गणना पोर्टल पर आसानी से एवं गोपनीयता के साथ दर्ज करें अपनी जानकारी : कलेक्टर


मंदसौर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की कलेक्टर अदिती गर्ग ने शुक्रवार को आम नागरिकों से जनगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में जनगणना का कार्य संचालित हो रहा है तथा इसी क्रम में भारत सरकार द्वारा स्वगणना पोर्टल प्रारंभ किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से सभी नागरिक घर बैठे ही अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी आॅनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

कलेक्टर ने कहा कि यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं पूर्णत: गोपनीय है, जिसमें नागरिकों की निजता का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वगणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सटीक एवं सुगम बनेगी। कलेक्टर ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत एवं नगरीय स्तर पर नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। यदि किसी नागरिक को पोर्टल के उपयोग में किसी प्रकार की समस्या या जानकारी की आवश्यकता हो, तो वे संबंधित केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शीघ्र स्वगणना पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी दर्ज करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया