संजीवनी नगर हादसे के बाद गणेश पंडालों में सख्ती, रांझी पुलिस ने बंद कराया तेज डीजे, खुले बिजली तार हटवाए
जबलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के संजीवनी नगर में गणेश पंडाल के पास खुले बिजली के तारों की चपेट में आने से किशोर की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस ने गणेश उत्सव आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रांझी थाना पुलिस ने बड़ा पत्थर सब्जी मंडी स्थित गणेश पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तेज आवाज में बज रहा डीजे बंद कराया और खुले में बिछे बिजली के तार हटवाए।
जानकारी के अनुसार बड़ा पत्थर सब्जी मंडी क्षेत्र में गणेश पंडाल में भंडारे का आयोजन चल रहा था। इस दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। वहीं विद्युत उपकरणों के संचालन के लिए बिजली के तार सड़क और जमीन पर खुले में फैले हुए थे। तारों के इस तरह बिछे होने से पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास मौजूद लोगों के लिए करंट लगने का खतरा बना हुआ था।
मामले की जानकारी मिलने पर रांझी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे डीजे को तत्काल बंद कराया। इसके बाद सड़क और जमीन पर बेतरतीब तरीके से फैले बिजली के तारों को भी हटवाया गया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।
पुलिस ने गणेश पंडाल समिति और आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पंडाल में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित तरीके से की जाए। बिजली के तारों को खुले में सड़क या जमीन पर नहीं छोड़ा जाए और विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं।
पुलिस ने आयोजकों को यह भी हिदायत दी कि आयोजन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। किसी भी तरह की लापरवाही से श्रद्धालुओं और आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने चेतावनी दी कि गणेश पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर आयोजकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। संजीवनी नगर में हुए हादसे के बाद पुलिस द्वारा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

