home page

झाबुआ: आकाशीय विद्युत का कहर, कृषक सहित दो बेलों की मौत

 | 
झाबुआ: आकाशीय विद्युत का कहर, कृषक सहित दो बेलों की मौत


झाबुआ, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कलदेला के उड़ीखाली फलिया में आकाशीय विद्युत के कहर से खेत जोत रहे एक किसान सहित दो बेलों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बारे में पता लगते ही समूचे क्षेत्र में कोहराम मच गया, और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, और किसान को तत्काल थांदला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को घटित हुई उक्त घटना के संबंध में देर शाम सूचना मिलने के तत्काल बाद पहुंची पुलिस द्वारा आवश्यक र्कयवाही कर शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल थांदला पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश ने शुक्रवार को बताया कि इस घटना की सूचना परिजनों द्वारा कल शाम पुलिस को दी गई थी, सूचना के बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई। शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां आज उसका पोस्टमार्टम होगा।

उक्त हादसे के बारे में मिली जानकारी अनुसार थांदला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कलदेला के उड़ीखाली फलिया निवासी किसान कलजी पुत्र मडिया की खेत में जुताई करते समय गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में किसान के साथ जुताई कर रहे उसके दोनों बैलों की भी दर्दनाक मौत हो गई।

आकाशीय बिजली का शिकार हुआ किसान कलजी अपने खेत में खरीफ फसल की बुवाई की तैयारी के लिए बैलों के माध्यम से जुताई कर रहा था। इधर क्षेत्र में यद्यपि तेज बरसात नहीं हो रही थी, किंतु सुबह से ही बादल छाए हुए थे, और बीच-बीच में बादलों की गर्जना के साथ बिजली कड़क रही थी। ऐसी स्थिति में भी चूंकि खेती किसानी हेतु समय जाते देखकर किसान अपने खेत में जुताई कार्य करने लगा, तभी यह हादसा हो गया। ग्रामीणों के अनुसार यकायक मौसम ने विकराल रूप धारण कर लिया और गरज के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी जगह पर आ गिरी जहां किसान अपने दोनों बैलों के साथ जुताई कर रहा था। बिजली का प्रहार इतना तीव्र थी कि किसान और दोनों बैलों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद वहां पहुंचे ग्रामीणों की सहायता से किसान को तत्काल थांदला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर मर्ग कायम कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल थांदला पहुंचाया, जहां आज उसका पोस्टमार्टम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा