राजगढ़ःपितृ अमावस्या पर काली पड़ गई अजनार नदी, सात घंटे चला सफाई अभियान
राजगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पितरों के निमित्त पूजन और हवन के बाद फूल-माला सहित अन्य पूजन सामग्री अजनार नदी में प्रवाहित करने से नदी की स्वच्छता पर असर पड़ा। पितृ मोक्ष अमावस्या के अगले ही दिन नदी के घाट पर इतनी गंदगी जमा हो गई कि पानी का रंग काला नजर आने लगा।
हालात बिगड़ने पर नगर पालिका ने रविवार को सफाई अभियान चलाया। करीब 50 कर्मचारियों की टीम ने 5 से 7 घंटे तक मेहनत कर नदी से लगभग दो ट्रक कचरा बाहर निकाला।
बारिश के बाद निर्मल हुआ था पानी, फिर फैली गंदगी बारिश के दौरान तेज बहाव के कारण नदी में जमा पुरानी गंदगी बह गई थी। इसके बाद अजनार नदी का पानी साफ दिखाई देने लगा था और लोग इसमें स्नान भी करने लगे थे। लेकिन पितृ अमावस्या पर पूजन सामग्री, पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरा जमा होने से नदी की सूरत फिर बिगड़ गई। एक ही दिन में पानी का रंग बदलने से जल प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ गई।
गंदगी की सूचना मिलने पर नगर पालिका ने सुबह 7 बजे से सफाई अभियान शुरू कराया। कर्मचारियों ने घाट पर जमा फूल-माला, पूजन सामग्री, पॉलीथिन और अन्य कचरे को एकत्रित कर बाहर निकाला। अभियान में करीब दो ट्रक कचरा हटाया गया। सफाई में नगर पालिका कर्मचारियों के साथ सामाजिक लोगों ने भी सहयोग किया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह ने कहा कि अजनार नदी नगर की प्राकृतिक धरोहर होने के साथ धार्मिक आस्था का केंद्र भी है। इसे स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पूजन सामग्री नदी में प्रवाहित करने के बजाय उचित स्थान पर निस्तारित करने और पॉलीथिन व प्लास्टिक नदी में नहीं डालने की अपील की। मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद ने बताया कि नदी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका लगातार प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

