home page

अजय सिंह ने 'मन की बात' में सीधी में 1500 तालाब बनने के दावे के बताया झूठा, आंकड़े सार्वजनिक करने और जांच की मांग

 | 
अजय सिंह ने 'मन की बात' में सीधी में 1500 तालाब बनने के दावे के बताया झूठा, आंकड़े सार्वजनिक करने और जांच की मांग


भाेपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में सीधी जिले में लगभग 1,500 तालाब बनाए जाने के दावे पर सवाल उठाते हुए इसे वास्तविकता से परे बताया है। उन्होंने कहा कि यदि जिले में इतने बड़े पैमाने पर खेत तालाबों का निर्माण हुआ होता, तो उसके स्पष्ट प्रमाण जमीनी स्तर पर दिखाई देते।

अजय सिंह ने साेमवार काे बयान जारी कर कहा कि सरकार को 'मन की बात' में किए गए इस दावे से संबंधित सभी तथ्यों को सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक तालाब की ग्राम पंचायत, निर्माण तिथि, निर्माण लागत तथा अन्य संबंधित विवरण सार्वजनिक किए जाएं, ताकि स्थानीय ग्रामीण स्वयं मौके पर जाकर इन निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर सकें।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में इस स्तर का कार्य जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं देता, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े होते हैं। उनका कहना है कि आशंका है कि निर्माण कार्यों की स्वीकृतियां और भुगतान कागजों तक सीमित रहे हों। उन्होंने इस मामले में संभावित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की आवश्यकता जताई।

अजय सिंह ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि तथ्य सामने आ सकें और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे