home page

अजय सिंह ने बस किराये में बढ़ोतरी को बताया जनविरोधी, कहा- न्यूनतम किराया बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्ग पर बढ़ेगा बोझ

 | 
अजय सिंह ने बस किराये में बढ़ोतरी को बताया जनविरोधी, कहा- न्यूनतम किराया बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्ग पर बढ़ेगा बोझ


भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने राज्य सरकार द्वारा बस किरायों में की गई बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करते हुए इसे आम जनता की जेब पर सीधा हमला और पूरी तरह जनविरोधी फैसला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने निजी बस संचालकों के दबाव में आकर करोड़ों यात्रियों, छात्रों, किसानों और मजदूरों के हितों की अनदेखी की है।

अजय सिंह ने गुरुवार काे जारी अपने बयान में कहा कि नए आदेश के तहत सामान्य बसों का मूल किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर सीधे 2 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं न्यूनतम किराया 7 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये किए जाने से सबसे अधिक असर गरीब और रोजाना बस से यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ेगा। उनका कहना है कि किराये में की गई यह वृद्धि मध्यमवर्गीय परिवारों के मासिक बजट पर भी अतिरिक्त बोझ डालेगी।

उन्होंने बताया कि संशोधित दरों के अनुसार रात्रिकालीन बस सेवाओं में सामान्य किराये पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। वहीं नॉन-एसी डीलक्स बसों में 25 प्रतिशत, स्लीपर बसों में 40 प्रतिशत, एसी डीलक्स में 50 प्रतिशत तथा सुपर लग्जरी कोच में 75 प्रतिशत तक अधिक किराया यात्रियों को चुकाना होगा। अजय सिंह ने सरकार के उस तर्क को भी खारिज किया, जिसमें डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों पर अलग से नाइट चार्ज या एक्सप्रेस सेवा शुल्क नहीं लेने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि जब मूल किराये में ही इतनी बड़ी वृद्धि कर दी गई है, तब इस प्रकार की राहत केवल कागजी साबित होगी और आम जनता को इसका कोई वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने मांग की कि परिवहन विभाग द्वारा जारी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, ताकि आम यात्रियों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे