दिवाली के धुएं से बिगड़ी मप्र की हवा, भोपाल में 50 मीटर तक सिमटी विजिबिलिटी, 15 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे
- दिवाली की आतिशबाजी के बाद वायु प्रदूषण बढ़ा
भोपाल, 09 नवम्बर (हि.स.) । दिवाली पर हुई आतिशबाजी का असर अब मध्य प्रदेश की हवा पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इंदौर में 8 नवंबर की रात 11:11 बजे तक एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 320 दर्ज किया गया, जिसे बेहद खराब श्रेणी में रखा गया है। वहीं, सोमवार सुबह राजधानी भोपाल में धुएं और प्रदूषण के कारण दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई। कम विजिबिलिटी के चलते सड़कों पर वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदूषण के बीच प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ रहा है। कटनी जिले का करौंदी लगातार दूसरी रात प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पचमढ़ी से भी कम है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित 15 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिवाली के दिन प्रदेशभर में मौसम साफ रहा। राजधानी भोपाल में दिन के समय धूप खिली रही, लेकिन शाम होते ही ठंडक बढ़ गई। मौसम में इस बदलाव के बीच त्योहार का उत्साह बना रहा। अब 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश में सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद शहडोल के कल्याणपुर में 12.6 डिग्री, रायसेन और पचमढ़ी में 12.8 डिग्री, अमरकंटक में 13.1 डिग्री, दमोह में 13.2 डिग्री और रीवा में 13.5 डिग्री तापमान रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री, इंदौर में 13.7 डिग्री, उमरिया में 13.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 14.4 डिग्री और जबलपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह प्रदेश के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा।
कटनी जिले का करौंदी कस्बा लगातार दूसरी रात प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। जानकारों के मुताबिक, यह गांव विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान पर बसा है। सर्दियों में रात के समय पहाड़ों की ऊपरी चोटियों की हवा तेजी से ठंडी और भारी हो जाती है। इसके बाद यह हवा ढलान की ओर नीचे उतरती है। इस प्रक्रिया को 'कैटाबेटिक विंड्स' कहा जाता है। वहीं, तापमान की ऊपरी और निचली परतों में होने वाले बदलाव को थर्मल इन्वर्जन कहा जाता है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पहाड़ी ढलानों और आसपास के निचले इलाकों में रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है। करौंदी में भी फिलहाल ऐसी ही परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और उसके बाद मौसम में होने वाले बदलावों के बीच अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में सर्दी तेज होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

