आगरमालवाः आक्रोशित किसानों ने लगाया चक्काजाम
आगरमालवा, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में फसल बीमा नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने शनिवार को दोपहर में सोयतकलां में पिड़ावा रोड चौराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। समीपस्थ ग्राम सोयतखुर्द, अमानपुरा और प्रतापपुरा समेत कई गांवों के किसानों का आरोप है कि खरीफ सीजन की सोयाबीन फसल का प्रीमियम कटने के बावजूद उन्हें बीमा राशि नहीं दी गई।
किसानों द्वारा किए जा रहे चक्काजाम और प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया तथा सुसनेर एसडीएम और एसडीओपी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। एसडीएम द्वारा किसानों को उनकी मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया। किसानों का कहना है कि फसल का नुकसान होने के बावजूद बीमा राशि नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर पात्र किसानों को जल्द से जल्द बीमा एवं मुआवजे की राशि दिलाई जाए।
मामले की जानकारी लगते ही जिले की सुसनेर विधानसभा क्षैत्र के विधायक भेरूसिंह बापू भी मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक ने किसानों की मांग का समर्थन करते हुए वर्तमान सरकार से किसानों को फसल का उचित मुआवजा एवं बीमा राशि दिलाने की मांग करते हुए किसानों केसाथ ही सड़क पर बैठ गये।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

