आगरमालवा जिले के दो प्रगतिशील कृषकों का राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन
आगरमालवा, 21 जनवरी (हि.स.)।
मप्र में आगरमालवा जिले के लिए गौरव का विषय है कि यहां के दो प्रगतिशील कृषकों का चयन गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए किया गया है। इस चयन के अंतर्गत सोयतकलां निवासी श्रीमती अवंतीबाई पति गजानंद कुशवाह एवं ग्राम आक्याखेड़ी निवासी श्रीमती अंगूरबाला पति रोहित शर्मा को गणतंत्र दिवस समारोह के साक्षी बनने हेतु आमंत्रित किया गया है।
यह उपलब्धि आगरमालवा जिले के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। राष्ट्रीय पर्व के इस भव्य आयोजन में देशभर से चयनित विशिष्ट अतिथियों के बीच जिले का प्रतिनिधित्व होना, यहां के कृषकों की मेहनत, नवाचार और उत्कृष्ट कृषि कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता को दर्शाता है। चयनित दोनों कृषकों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं सतत कृषि मॉडल को अपनाकर न केवल अपनी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी हैं।
इस संबंध में किसान कल्याण तथा कृषि विकास उप संचालक विजय चौरसिया ने बताया कि यह उपलब्धि केवल इन दोनों कृषकों की व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि जिले के समस्त कृषक समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह चयन इस बात का प्रमाण है कि आगरमालवा जिले के किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस सम्मान से अन्य कृषकों को भी नवाचार अपनाने एवं उन्नत कृषि की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और आगरमालवा जिले को कृषि क्षेत्र में नई पहचान प्राप्त होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

