home page

आगर मालवा: कमरे में बंद मिली बुजुर्ग महिला, पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने आजाद कराया

 | 
आगर मालवा: कमरे में बंद मिली बुजुर्ग महिला, पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने आजाद कराया


सुसनेर में दो बेटों पर मां को बंधक बनाकर रखने का आरोप, समझाइश के बाद तीसरे बेटे के साथ भेजा गया

आगर मालवा, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सुसनेर नगर में शुक्रवार को एक बुजुर्ग महिला को कमरे में बंद रखने का मामला सामने आया। वार्ड क्रमांक-5 स्थित कल्याण जीन क्षेत्र में पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाकर महिला को बाहर निकाला और पूछताछ के लिए सभी पक्षों को थाने ले गई।

बुजुर्ग महिला की पहचान कौशल्या बाई के रूप में हुई है। आरोप है कि उन्हें पिछले करीब दो माह से कमरे में रखा गया था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है और परिजनों के दावे भी सामने आए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी और पार्षद प्रतिनिधि पवन शर्मा को दी। दोनों मौके पर पहुंचे और परिजनों से कमरे की चाबी मांगी, लेकिन चाबी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया और बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद महिला को थाने ले जाया गया, जहां उनके दोनों बेटों और बहुओं को भी बुलाकर पूछताछ की गई।

मानसिक स्थिति को लेकर अलग-अलग दावे

पुलिस के समक्ष परिजनों ने कहा कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह कई बार बिना बताए घर से निकल जाती थीं। वहीं, पार्षद प्रतिनिधि पवन शर्मा का दावा है कि महिला सामान्य रूप से बातचीत कर रही थीं और अपना व परिवार के सदस्यों का परिचय भी दे रही थीं। नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने बताया कि पड़ोसियों के अनुसार बुजुर्ग महिला करीब दो महीने से कमरे में रह रही थीं। हालांकि, इस दौरान उनके भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही थीं।

समझाइश के बाद तीसरे बेटे के साथ भेजा

थाने में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों से चर्चा और समझाइश के बाद आपसी सहमति से बुजुर्ग महिला को उनके तीसरे बेटे गणेश के साथ भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक होने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे