home page

ड्यूटी के बाद रंगों में डूबी मंदसौर पुलिस, एसपी के साथ झूमे पुलिसकर्मी

 | 


मंदसौर, 05 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में आमजन की होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के बाद गुरुवार को मंदसौर पुलिस ने भी उत्साह और उमंग के साथ रंगों का पर्व मनाया। पुलिस लाइन परिसर सहित जिले के विभिन्न थाना परिसरों में पुलिसकर्मी रंग-गुलाल के साथ होली के रंग में सराबोर नजर आए।

मंदसौर जिले में आमजन द्वारा 3 और 4 मार्च को होली का पर्व मनाया गया था। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी में मुस्तैद रहे। परंपरा के अनुसार ड्यूटी पूरी होने के बाद गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने होली का उत्सव मनाया।

पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिसकर्मी उत्साहपूर्वक एक-दूसरे को रंग लगाते नजर आए और पूरे परिसर में होली का उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं थाना कोतवाली, शामगढ़ सहित जिले के अन्य थानों में भी पुलिसकर्मियों ने होली का पर्व मनाया। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी थिरकते नजर आए और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि होली के दौरान पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने में व्यस्त रहते हैं, इसलिए परंपरा के अनुसार अगले दिन पुलिसकर्मी होली का उत्सव मनाते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पुलिस की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया