home page

डिग्री के साथ विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण का अवसर दे रहा एईडीपी

 | 
डिग्री के साथ विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण का अवसर दे रहा एईडीपी


- 84 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन, अंतिम वर्ष में स्टाइपेंड के साथ अप्रेंटिसशिप

भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.) । राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप मध्य प्रदेश में संचालित अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) स्नातक विद्यार्थियों के लिए रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। कार्यक्रम के पहले बैच के 84 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में अप्रेंटिसशिप के लिए चयन हुआ है। वहीं वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में एईडीपी के अंतर्गत 3500 से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। प्रवेश प्रक्रिया के पूर्ण होने तक यह संख्या लगभग 5000 तक पहुंचने की संभावना है।

डिग्री के साथ मिलेगा औद्योगिक प्रशिक्षण

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बुधवार को बताया कि एईडीपी के अंतर्गत विद्यार्थियों को नियमित स्नातक पाठ्यक्रम के साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जाता है। पहले दो वर्षों में विषय आधारित अध्ययन के साथ व्यावहारिक दक्षताओं का विकास किया जाता है, जबकि अंतिम वर्ष में विद्यार्थियों को संबंधित उद्योगों में अप्रेंटिसशिप के लिए भेजा जाता है। इस दौरान वे वास्तविक कार्यस्थल पर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं, नियमानुसार स्टाइपेंड प्राप्त करते हैं तथा उद्योग में उनके प्रदर्शन के आधार पर अंतिम वर्ष का मूल्यांकन किया जाता है। इससे स्नातक उपाधि के साथ औद्योगिक अनुभव भी प्राप्त होता है।

पहले बैच ने दिखाई कार्यक्रम की उपयोगिता

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में एईडीपी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी अब विभिन्न उद्योगों में अप्रेंटिसशिप के लिए चयनित हो रहे हैं। हाल ही में आयोजित चयन प्रक्रिया में 84 विद्यार्थियों का विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों में चयन हुआ।

रिटेल ऑपरेशंस के 21 विद्यार्थियों का चयन लोटस इलेक्ट्रॉनिक्स में हुआ। लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के 38 विद्यार्थियों का चयन कैरीफास्ट लॉजिस्टिक्स, मोज़ेक ग्रुप, लुसेन और टीमवर्क्स ने किया। मानव संसाधन संचालन (एचआर ऑपरेशंस) के 13 विद्यार्थियों का चयन टेक्नोटास्क, ताज होटल और विक्रम सीमेंट्स में हुआ, जबकि बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा) क्षेत्र के 12 विद्यार्थियों का चयन फिनोदय तथा मुथूट समूह की कंपनियों में किया गया। चयनित विद्यार्थियों को 10 हजार से 17 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड मिलेगा।

110 विद्यार्थियों के साक्षात्कार इस सप्ताह

उद्योगों के साथ समन्वय को और विस्तार देते हुए इस सप्ताह लगभग 110 विद्यार्थियों के साक्षात्कार विभिन्न सहभागी कंपनियों में आयोजित किए जा रहे हैं। जिन विश्वविद्यालयों में स्नातक द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित होने शेष हैं, वहां परिणाम जारी होने के बाद पात्र विद्यार्थियों के लिए चरणबद्ध तरीके से चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

बढ़ रहा विद्यार्थियों का रुझान

एईडीपी के प्रति विद्यार्थियों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में प्रवेश लेने वाले 963 विद्यार्थी वर्ष 2026 में अप्रेंटिसशिप के लिए पात्र हुए हैं। इसके बाद 2025-26 में कार्यक्रम के अंतर्गत 4513 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। वर्तमान प्रवेश सत्र में अब तक 3500 से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं और विभाग को उम्मीद है कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने तक यह संख्या लगभग 5000 तक पहुंच जाएगी।

विद्यार्थियों की पहली पसंद बना एईडीपी

अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें स्नातक की पढ़ाई को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ा गया है। पहले दो वर्षों में विद्यार्थियों को नियमित पाठ्यक्रम के साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि अंतिम वर्ष उद्योगों में अप्रेंटिसशिप के लिए निर्धारित है। इस दौरान विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल पर प्रशिक्षण, उद्योग विशेषज्ञों के साथ काम करने का अवसर, नियमानुसार स्टाइपेंड तथा उद्योग में प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन की सुविधा मिलती है। इससे स्नातक उपाधि के साथ कार्यानुभव भी प्राप्त होता है, जिससे रोजगार की संभावनाएं और मजबूत होती हैं।

एईडीपी के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रम

डिग्री - पाठ्यक्रम

बी.कॉम. - बीएफएसआई (बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस)

बी.कॉम. - रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट

बी.कॉम. - लॉजिस्टिक्स

बी.कॉम. - ह्यूमन रिसोर्स ऑपरेशंस

बी.एससी. - हेल्थकेयर मैनेजमेंट

बी.ए. - टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशंस

बी.ए. - बीएफएसआई (बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस)

एईडीपी : एक नजर में

- पहले बैच के 84 विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन।

- चयनित विद्यार्थियों को ₹10 हजार से ₹17 हजार प्रतिमाह तक स्टाइपेंड।

- इस सप्ताह लगभग 110 विद्यार्थियों के साक्षात्कार प्रस्तावित।

- 2024-25 बैच के 963 विद्यार्थी अप्रेंटिसशिप के लिए पात्र।

- 2025-26 में 4513 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश।

- 2026-27 में प्रवेश संख्या 2500 के पार, माइग्रेशन राउंड तक 5000 पहुंचने का अनुमान।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत