home page

जबलपुर : वाहन हटाने को लेकर अधिवक्ताओं और पुलिस में विवाद, 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, थाने के बाहर धरना

 | 
जबलपुर : वाहन हटाने को लेकर अधिवक्ताओं और पुलिस में विवाद, 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, थाने के बाहर धरना


जबलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गोहलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को वाहन हटाने को लेकर अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ताओं ने एक आरक्षक पर वाहन हटाने के नाम पर 20 हजार रुपये की कथित मांग करने और विरोध करने पर अभद्रता व अपशब्द कहने के आरोप लगाए। मामले को लेकर अधिवक्ता गोहलपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

अधिवक्ताओं के मुताबिक, उनके साथी अधिवक्ता आशीष पटेल की कार मुख्य मार्ग के बाईपास पर तकनीकी खराबी अथवा डीजल खत्म होने के कारण बंद हो गई थी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे आरक्षक रंजीत कुमार यादव ने वाहन हटाने के नाम पर कथित तौर पर 20 हजार रुपये की मांग की।

अधिवक्ताओं का कहना है कि उन्होंने 20 हजार रुपये का चालान जमा करने की बात कहते हुए उसकी रसीद मांगी, लेकिन रसीद देने से इनकार कर दिया गया। आरोप है कि पुलिसकर्मी वाहन की चाबी लेकर उसे नो-एंट्री क्षेत्र से हटाकर गोहलपुर थाने के बाहर ले आए। बाद में 5 हजार रुपये का चालान काटे जाने और विरोध करने पर कथित अभद्रता व अपशब्द कहने के आरोप भी लगाए गए।

घटना से नाराज अधिवक्ता गोहलपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिवक्ताओं और थाना प्रभारी रितेश पांडे के बीच मामले को लेकर हल्की-फुल्की नोकझोंक भी हुई।

अधिवक्ताओं ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। पुलिस की ओर से मामले की जांच और आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक