home page

दतिया: रतनगढ़ माता मंदिर जा रहा 200 किलो मिलावटी मावा जब्त

 | 
दतिया: रतनगढ़ माता मंदिर जा रहा 200 किलो मिलावटी मावा जब्त


दतिया, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में रतनगढ़ माता मंदिर पर आयोजित होने वाले दीपावली दौज मेले से पहले प्रशासन ने मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की है। प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंदिर में बिक्री के लिए ले जाए जा रहे करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी मावे (मिल्क केक) को जब्त किया है। इसके परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देशन और सेवढ़ा एसडीएम के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार रामनरेश आर्य, रतनगढ़ माता मंदिर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शुभांशु चौबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सबिता सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मेले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर रहेगी नजर

रतनगढ़ माता मंदिर पर 9 से 11 नवंबर तक दीपावली दौज मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच तेज कर दी है। दुकानदारों और प्रसाद विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच और मिलावटी सामग्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक 4 नवंबर को

दीपावली दौज मेला 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े की अध्यक्षता में 4 नवंबर को सुबह 11 बजे रतनगढ़ माता मंदिर परिसर स्थित कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मेले से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। इसके बाद अधिकारियों द्वारा मेले से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा