home page

राजगढ़ः जिले में 11.46 लाख मतदाता, ब्यावरा में सबसे ज्यादा 2.38 लाख नाम

 | 
राजगढ़ः जिले में 11.46 लाख मतदाता, ब्यावरा में सबसे ज्यादा 2.38 लाख नाम


राजगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरुवार को मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई,जिसमें पांचों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची कर जारी कर दी गई। इसके अनुसार जिले में अब कुल 11 लाख 46 हजार 244 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 5 लाख 92 हजार 402 पुरुष, 5 लाख 53 हजार 836 महिलाएं और 6 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत 23 दिसंबर 2025 से 12 नवंबर 2026 के बीच जिले में 38 हजार 823 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा मतदाता ब्यावरा में 2 लाख 38 हजार 354 हैं, जबकि सबसे कम सारंगपुर में 2 लाख 6 हजार 240 मतदाता हैं। इसमें मतदाता सूची, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सहित निर्वाचन संबंधी जानकारी दी गई।

प्रारूप सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसके लिए 21 व 22 नवंबर तथा 5 व 6 दिसंबर को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत जिले में तीन नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें नरसिंहगढ़ में एक और खिलचीपुर में दो केंद्र शामिल हैं। पहले जिले में 1496 मतदान केंद्र थे, अब इनकी संख्या बढ़कर 1499 हो जाएगी। ब्यावरा, राजगढ़ और सारंगपुर में किसी भी केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने के कारण नए केंद्र प्रस्तावित नहीं किए गए हैं।

मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 14 हजार 715 युवा मतदाता दर्ज हैं। वहीं 20 से 29 वर्ष के 2 लाख 72 हजार 218 और 30 से 39 वर्ष के 2 लाख 73 हजार 785 मतदाता हैं। जिले में 14 हजार 335 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। इनमें 9 हजार 195 पुरुष और 5 हजार 140 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए नियुक्त करने की अपील की। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भरवाने में सहयोग करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक