राजगढ़ः समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर
राजगढ़, 13 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण के लिए दिशा-निर्देश देना रहा। बैठक के दौरान डॉ. गढ़पाले ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण एवं पुराने अभिलेखों का सुरक्षित संधारण सुनिश्चित करें। उन्होंने दस्तावेजों के डिजिटलीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड को पेनड्राइव अथवा ई-ऑफिस प्रणाली में सुरक्षित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से प्राप्त किया जा सके।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण किया जाए। विशेष रूप से बॉटम-5 में शामिल विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपनी रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में समय-सीमा के लंबित आवेदनों पर बिंदुवार चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
इसके अलावा 14 अप्रैल मंगलवार को आयोजित होने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हितग्राहियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चैहान सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

