राजगढ़ःजिले की सात स्वास्थ्य संस्थाओं पर एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ, 19 हजार का लक्ष्य
राजगढ़, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में 14 वर्षीय बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला चिकित्सालय में ह्यूमन पैपिलोमा वाइरस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ गरिमामय समारोह के साथ किया गया।
कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा ने अभियान के सफल शुभारंभ के लिए शिक्षा विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, पंचायत विभाग एवं मैदानी अमले को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है, अतःसभी विभाग पूर्ण सक्रीयता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में सीएचएमओ डाॅ.शोभा पटेल ने टीकाकरण करवा रही बालिकाओं को एचपीवी टीके के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका कैंसर के बचाव में अत्यंत प्रभावी है और बालिकाओं के उज्जवल स्वास्थ्य भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान ने टीका लगवाने वाली बालिकाओं को प्रमाणपत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ.एलपी. भकोरिया ने बताया कि जिले की सात स्वास्थ्य संस्थाओं जिला अस्पताल राजगढ़, सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ एवं ब्यावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खिलचीपुर, जीरापुर, खुजनेर एवं सारंगपुर में टीकाकरण प्रारंभ किया गया है, जिले में लगभग 19 हजार बालिकाओं को आगामी 90 दिनों में टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीकाकरण के लिए बालिकाओं के अभिभावकों की सहमति अनिवार्य है। टीकाकरण के प्रथम दिवस पर डाॅ.अमित कोहली ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री का टीकाकरण करवा कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डाॅ.रजनीश शर्मा, डाॅ.जेके.शाक्य, डाॅ.डीपी.पटेल, डाॅ.सुधीर कलावत, डाॅ. आरके.कठेरिया, डाॅ.महेन्द्रपालसिंह, डीसीएम सुनील वर्मा, शहरी आशा कार्यकर्ता एवं बालिकाएं मौजूद रही। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपनी 14 वर्षीय बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाएं और उन्हें सवाईकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में सहयोग दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

