home page

राजगढ़ःजिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक आयोजित,

 | 
राजगढ़ःजिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक आयोजित,


राजगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला पंचायत में सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया की अध्यक्षता में जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में एजेंडा के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं पर चर्चा की गई, जिसमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण एवं प्रगति की समीक्षा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, शिक्षा विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जन निगम के कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में मोहनपुर- कुंडालिया एवं सुठालिया सहित जिले की अन्य सिंचाई परियोजना की प्रगति पर चर्चा की गई साथ ही किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में आदिम जाति कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान विद्युत व्यवस्थाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने असंतोष व्यक्त किया साथ ही विद्युत आपूर्ति एवं व्यवस्थाओं में आ रही समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्यों द्वारा नाराजगी जताई गई।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन समय सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। इस अवसर पर राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत यादव सहित जिला पंचायत सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक