home page

राजगढ़ः कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और जनविश्वास अभियान की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश

 | 
राजगढ़ः कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और जनविश्वास अभियान की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश


राजगढ़, 3 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले ब्लॉक और जिला स्तरीय शिविरों से पहले संबंधित अधिकारी स्थल का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की पूर्व मैपिंग कर उनका समयबद्ध निराकरण करने तथा अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

बैठक में समग्र ई-केवाईसी, सार्थक अटेंडेंस, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने एसएएम, एमएएम, अंडरवेट और स्टंटेड बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा टेक होम राशन के शत- प्रतिशत वितरण के निर्देश दिए। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में लापरवाही पाए जाने पर मध्यप्रदेश जल निगम के उपयंत्री राहुल राठौर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजेश राजपूत (सारंगपुर), कार्यपालन यंत्री केके. ठाकुर (जल संसाधन), वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी दिनेश श्रीवास्तव (नरसिंहगढ़) तथा नगर पालिका ब्यावरा के सीएमओ इकरार अहमद पर दो-दो हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। वहीं 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों का वन टाइम रजिस्ट्रेशन समय पर नहीं कराने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए सारंगपुर और पचोर विकासखंड के संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले,अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चौहान सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक