home page

भोपाल में 12 लाख से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रशासन संकल्पितः कलेक्टर

 | 

- मुख्य कार्यक्रम जंबूरी मैदान के सामने आयोजित होगा

भोपाल, 4 जुलाई (हि.स.)। भोपाल जिले में 6 जुलाई 2024 को एक दिन में 12 लाख से अधिक वृक्षारोपण के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। भोपाल में वृक्षारोपण का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में जंबूरी मैदान के सामने आयोजित किया गया है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को वृक्षारोपण अभियान की सफलता के लिये प्रशासन सहित व्यापक जन सहभागिता के लिये अपील की है। उन्होंने सभी भोपाल निवासियों से 6 जुलाई को पौधारोपण करने का आव्हान किया है।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक वृक्ष माँ के नाम अभियान का प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सफल क्रियान्वयन कराया जा रहा है भोपाल जिले में अभियान को व्यापक स्वरूप देने की पहल की गई है। भोपाल जिले में समग्र रूप से एक दिन में 12 लाख से अधिक पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में व्यापक जन सहभागिता आवश्यक है। अभियान में व्यापक पैमाने पर सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और व्यापारिक/वाणिज्यिक संस्थानों को भी जोड़ा गया है।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि मुख्य रूप से वृक्षारोपण का कार्य नगर निगम, वन विभाग, जिला पंचायत द्वारा किया जाएगा। साथ ही अन्य विभागों को भी लक्ष्य दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग 9 लाख पौधे, जिला पंचायत एक लाख 20 हज़ार पौधे एवं नगर निगम द्वारा एक लाख 20 हज़ार पौधे लगाए जाएंगे साथ ही अन्य विभागों के भी लक्ष्य निर्धारित किये गये है। कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण के पश्चात नागरि अपनी फ़ोटो मेरी लाइफ पोर्टल में भी अपलोड करें।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा