राजगढ़ः कलेक्टर ने की एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा
राजगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा ने सोमवार को समय सीमा बैठक में जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह टीकाकरण के लिए पात्र हितग्राहियों से स्वयं मिलकर वन-टू-वन संवाद और अभिभावकों से सहमति फाॅर्म भरवाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रगति के लिए प्रतिदिन शाम को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालयों में एचपीवी टीकाकरण के संबंध में आवश्यक पत्राचार किया जाए साथ ही विद्यालयों में पात्र बालिकाओं के टीकाकरण की प्रक्रिया को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर पर्यवेक्षण किया जाए।
कलेक्टर डाॅ.मिश्रा ने नोडल अधिकारी को जनगणना कार्यों की नियमित माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए इसके साथ ही सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि एचपीवी टीकाकरण में कार्य नही करने वाले सीडीपीओ एवं बीएमओ पर सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
बैठक में समय सीमा से बाहर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए, जिसमेें नरसिंहगढ़ के तहसीलदार पर जुर्माना लगाया गया। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने समग्र ई-केवाईसी में खराब प्रदर्शन करने पर जनपद पंचायत खिलचीपुर, राजगढ़ एवं जीरापुर के सीईओ की एक वेतनवृद्वि रोकने के लिए संभागायुक्त को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। सार्थक अटेंडेंस एप्प पर उपस्थिति दर्ज नही करने पर नागरिक आपूर्ति निगम का वेतन रोकने के लिए कहा गया। बैठक में कलेक्टर डाॅ.मिश्रा द्वारा समय सीमा से बाह्य लंबित आवेदन का निराकरण नही करने पर सीएमओ ब्यावरा इकरार अहमद, सचिव ग्राम पंचायत चाटक्या राधेश्याम पर 750 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत कांकरिया सलोनी अहिरवार पर 1000 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत अमानपुरा रमेशचंद्र मालाकार पर 5000 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत रुपपुरा रामेश्वर सोलंकी पर 750 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत सतनखेड़ी मनोहरसिंह सोलंकी पर 1500 रुपए एवं सचिव ग्राम पंचायत दुलतारिया प्रदीप पालीवाल पर 500 रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

