home page

राजगढ़ः कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती नहीं कराया तो होगी कार्रवाई- कलेक्टर

 | 
राजगढ़ः कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती नहीं कराया तो होगी कार्रवाई- कलेक्टर


राजगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने और टीबी मरीजों के परिजनों की जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों- कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरे नहीं करने पर नोटिस जारी करने के साथ वेतन संबंधी कार्रवाई भी की जाएगी।

यह निर्देश कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शनिवार को महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त बैठक में दिए। कलेक्टर ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, टीबी उन्मूलन और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजगढ़, खिलचीपुर और नरसिंहगढ़ के एनआरसी में कुपोषित बच्चों की भर्ती बढ़ाने तथा भर्ती के बाद नियमित फॉलोअप करने को कहा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर अलग से बैठक आयोजित की जाएगी। शिशु मृत्यु समीक्षा एक सप्ताह में और मातृ मृत्यु समीक्षा आगामी सप्ताह में पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा में कलेक्टर ने सभी विकासखंडों में टीबी मरीजों के परिजनों की जांच सात दिन में पूरी करने को कहा। निजी अस्पतालों में चिन्हित मरीजों की जानकारी और पिछले एक वर्ष का टीबी डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए। खिलचीपुर, ब्यावरा और नरसिंहगढ़ में मरीजों के चिन्हांकन की प्रगति अपेक्षित नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर सात दिन में सुधार करने को कहा। 301 टीबी मुक्त पंचायतों का लक्ष्य जिले की 301 टीबी मुक्त पंचायतों के लक्ष्य के लिए तीन दिन में जनपद सीईओ, पंचायत सचिव, बीएमओ और सीडीपीओ की संयुक्त बैठक होगी। कलेक्टर ने छात्रावासों में बच्चों की मलेरिया और एनीमिया जांच कराने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी और टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. शेख जलालुद्दीन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक