home page

राजगढ़ः कार्बाइड गन और पराली जलाने पर सख्ती, त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

 | 
राजगढ़ः कार्बाइड गन और पराली जलाने पर सख्ती, त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश


राजगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में शासकीय योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था, जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, एसपी अमित तोलानी और जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कार्बाइड गन के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण, पराली जलाने की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों में सुरक्षा और मिलावटखोरी पर रहेगी नजर मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्बाइड गन में इस्तेमाल होने वाली एसिटिलीन गैस से गंभीर विस्फोट का खतरा रहता है। ऐसे में नागरिकों की सुरक्षा के लिए इनके उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। पराली जलाने की घटनाओं की सूचना मिलते ही कार्रवाई करने और प्रत्येक मामले का समयबद्ध निराकरण करने को कहा। मौसम में बदलाव से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाएं मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों और मेलों में कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन व आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और बारिश के बाद अधूरे निर्माण कार्य तेजी से पूरे कराने पर जोर दिया गया। बैठक में गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के जरिए गोपालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर चर्चा हुई। योजना के तहत प्रदेश में दुग्ध उत्पादन की वृद्धि दर 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने और दुग्ध संकलन 10 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 50 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है। भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित कर किसानों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। योजना के अंतर्गत प्रत्येक वृंदावन ग्राम में श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गायों का पालन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए निर्धारित है। बैठक में 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती, 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस और गोवर्धन पूजा के आयोजनों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक