home page

जबलपुरः नशेड़ी कार चालक ने लोगों को रौंदा

 | 
जबलपुरः नशेड़ी कार चालक ने लोगों को रौंदा


जबलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार देर रात को एक तेज रफ्तार का कार ने कई लोगों को रौंद दिया।पुलिस के अनुसार एक मैरून रंग की एमजी हेक्टर कार ने भंवरताल गार्डन से अपनी रफ्तार का कहर शुरू किया, जो रसल चौक और इनकम टैक्स ऑफिस होते हुए सिंधिया पार्क की दीवार से भिड़ंत के साथ रुकी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार एक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई थी। इस बेकाबू कार ने सबसे पहले ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को टक्कर मारी, जिसके बाद दो-तीन अन्य कारों और इतनी ही मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक 14 वर्षीय किशोर और पुलिसकर्मी आदित्य कौरव सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद लोगों ने कार चालक को पकड़ा, जिसकी पहचान अनुराग सोनी के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस के अनुसार चालक नशे की हालत में था और उसे भी चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे उपचार के लिए भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक