जबलपुरः बेलखाड़ू सिमरिया में तेज रफ्तार ऑटो दुकान में घुसा, एक घायल
जबलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखाड़ू सिमरिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से आ रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गया। हादसे में दुकान को भारी नुकसान हुआ, जबकि ऑटो में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बाजार में सामान्य चहल-पहल थी। इसी दौरान पाटन की ओर से आ रहा लोडिंग ऑटो सिमरिया तिराहा के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और बंटू साहू की दुकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में दुकान के भीतर रखा सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त और क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो में सवार चंचल जैन को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ऑटो में पाटन के यौहारी पड़रिया क्षेत्र से गेहूं लोड कर कृषि उपज मंडी ले जाया जा रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण के बाद मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

