राजगढ़: दो कारों की भिड़ंत में स्कूटी सवार पिता और दो बेटियां घायल, एक की हालत गंभीर
राजगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो कारों की भिड़ंत में स्कूटी सवार पिता और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। हादसे में आठ वर्षीय बच्ची के पैर की हड्डी टूट गई, जबकि पिता और उनकी दस वर्षीय बेटी को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कपिलेश्वर तीर्थ के समीप संडावता मार्ग पर रविवार दोपहर कार क्रमांक एमपी 04 सीएफ 8737 और एमपी 09 बीजी 1218 के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी दौरान वहां से स्कूटी पर गुजर रहे पाडल्यामाता निवासी हकीम खान (40), पुत्र सलीम खान, अपनी दो बेटियों के साथ कार की चपेट में आ गए।
हादसे में हकीम खान के सिर और पैर में चोटें आईं। उनकी आठ वर्षीय बेटी के पैर की हड्डी टूट गई, जबकि दस वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि संडावता मार्ग स्थित कपिलेश्वर तीर्थ परिसर में सात दिवसीय कार्तिक मेले का आयोजन चल रहा है। इसी दौरान दो कारों की भिड़ंत से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

