राजगढ़ः हाईवे पर बिना संकेत खड़ा था पंचर ट्रक, पीछे से कंटेनर टकराया, चालक-क्लीनर घायल
राजगढ़,6 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में दूधी गांव के पास एनएच-52 पर वासु होटल के सामने शुक्रवार सुबह सड़क हादसा हो गया। सड़क पर बिना किसी संकेतक के खड़े पंचर ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा। हादसे में कंटेनर चालक और क्लीनर घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक यूपी 93 बीटी 6934 दूधी गांव के पास पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ा था। चालक ने सुरक्षा के लिए कोई संकेतक नहीं लगाया था। इसी दौरान मुंबई से लखनऊ जा रहा कंटेनर क्रमांक एचआर 55 एजे 2054 पीछे से ट्रक में जा टकराया। हादसे में कंटेनर चालक निर्मल (21) पुत्र विश्रामसिंह कठेरिया और क्लीनर कुलदीप (18) पुत्र सुनील कठेरिया निवासी शहजादेपुर, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकलवाया। पुलिस ने दोनों घायलों को ब्यावरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल राजगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों घायल युवकों के परिजनों को सूचना दी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

