home page

जबलपुर में सड़क हादसे के बाद परिजनों का चक्काजाम, रिसॉर्ट मालिक पर उठे सवाल

 | 
जबलपुर में सड़क हादसे के बाद परिजनों का चक्काजाम, रिसॉर्ट मालिक पर उठे सवाल


जबलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मंगलवार को मामले ने नया मोड़ ले लिया। हादसे में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों ने तिलवारा थाने के सामने चक्का जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और महिला के साथ मोपेड चला रहे अनिल पचौरी पर गंभीर आरोप लगाए।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात लम्हेटा बायपास पर यह हादसा हुआ। कोकिला रिसॉर्ट के मालिक अनिल पचौरी, स्वरूपा झारिया नामक महिला के साथ चौकीताल स्थित अपने फार्महाउस जा रहे थे। इसी दौरान नागपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात लोडिंग वाहन ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक अनिल पचौरी दूर जा गिरे, जबकि महिला वाहन के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर तिलवारा पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से शव के अवशेषों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हालांकि, परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने के बजाय सीधे तिलवारा थाने पहुंच गए और सड़क पर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला को घर से बुलाकर ले जाया गया और इसके बाद हुआ हादसा कई सवाल खड़े करता है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने भी मामले में संदेह जताते हुए रिसॉर्ट मालिक की भूमिका की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे में चालक का सुरक्षित बच जाना और महिला का इस तरह गंभीर रूप से घायल होना जांच का विषय है।

इस घटना में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास एनएचएआई द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिसके चलते हादसे का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका। इससे न सिर्फ जांच प्रभावित हुई है, बल्कि एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि हाईवे पर निगरानी की कमी के कारण अवैध गतिविधियों में लिप्त वाहन भी बिना रोक-टोक गुजर जाते हैं। वहीं, इस संबंध में जब एनएचएआई के अधिकारी महेंद्र सिंह राजपूत से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक