home page

जबलपुर : शांति नगर में बड़ा सड़क हादसा टला, अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा

 | 
जबलपुर : शांति नगर में बड़ा सड़क हादसा टला, अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा


जबलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के शांति नगर स्थित काली मंदिर के सामने शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एक भारी मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सड़क पर यातायात बेहद कम था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार से आ रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा डिवाइडर में फंस गया, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना या लापरवाही माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय होता, जब सड़क पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक