home page

जबलपुरः सिहोरा में सवारियों से भरा ऑटो पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल

 | 
जबलपुरः सिहोरा में सवारियों से भरा ऑटो पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल


जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के मनसकरा इलाके में मंगलवार को सवारियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चालक संतोष गोटिया मनसकरा से सवारियां लेकर पुराने बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल चालक को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक