home page

राजगढ़ः तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को सामने से मारी टक्कर, एक की मौत

 | 
राजगढ़ः तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को सामने से मारी टक्कर, एक की मौत


राजगढ़, 25 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में गुना नाका के समीप सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दो लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां 52 वर्षीय व्यक्ति को डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना गुना नाका स्थित होटल के सामने हुई, जब ग्राम अरन्या की ओर से ब्यावरा जा रहे बाइक सवारों की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। टक्कर में बाइक चला रहे रामगोपाल (52) पिता कन्हैयालाल राठौर, निवासी खुजनेर, और पीछे बैठे भगवत (38) पिता मांगीलाल सेन गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल-112 पर तैनात एएसआई राकेश शर्मा व स्टाफ ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां परीक्षण के बाद रामगोपाल को मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि रामगोपाल गल्ला व्यापारी थे और कृषि उपज मंडी ब्यावरा में माल के सिलसिले में आए थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया साथ ही ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक