home page

भोपाल शहर में एसी ई-बसों का संचालन शुरू, 10 बसों को तीन प्रमुख मार्गों पर उतारा

 | 
भोपाल शहर में एसी ई-बसों का संचालन शुरू, 10 बसों को तीन प्रमुख मार्गों पर उतारा


भोपाल, 30 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सड़कों पर गुरुवार से एसी ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है। ट्रायल रन पूरा होने के बाद प्रथम चरण में 10 बसों को तीन प्रमुख मार्गों पर उतारा गया है। इन ई-बसों का किराया लाल बसों के समान (₹7 से ₹40) रखा गया है, जिससे आम यात्रियों को बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सफर की सुविधा मिलेगी।

तीन प्रमुख रूटों पर संचालन शुरू

भोपाल में शुरुआत में ई-बसों को तीन व्यस्त रूटों पर चलाया जा रहा है। इनमें चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन (वाया बैरागढ़-चिचली), चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन और डीबी मॉल से कोच फैक्टरी मार्ग शामिल हैं। कोलार से एमपी नगर के बीच भी यात्रियों को एसी सफर की सुविधा मिलने लगी है। नई ई-बसों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से हाइड्रोलिक डोर और दो व्हीलचेयर खड़ी करने के लिए स्थान दिया गया है। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक बस में 6 सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस और पैनिक बटन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ट्रैफिक वाले इलाकों से आसानी से निकल सकेंगी एसी ई-बसे

वर्तमान में भोपाल की सड़कों पर चल रही 12 मीटर लंबी सिटी बसों की तुलना में नई ई-बसों की लंबाई 9 मीटर और चौड़ाई 3.5 मीटर है। आकार में छोटी होने के कारण ये बसें शहर के तंग रास्तों और ट्रैफिक वाले इलाकों से आसानी से निकल सकेंगी। नगर निगम के अनुसार, बसों का संचालन रोजाना दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी। बसें शहर में बने मौजूदा बस स्टॉप्स पर ही रुकेंगी।

निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और एमआईसी मेंबर मनोज राठौर ने बताया कि भोपाल में अब तक कुल 30 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं, जबकि आगामी 10 से 12 दिनों में 20 और बसें आने की उम्मीद है। फिलहाल 10 बसों को सड़क पर उतारा गया है, जबकि 15 अगस्त को प्रदेश स्तर पर होने वाले औपचारिक लोकार्पण के बाद सभी 30 बसें पूर्ण रूप से नियमित सेवा में आ जाएंगी। बसों को चार्ज करने के लिए बैरागढ़ डिपो में 11 फास्ट-चार्जर पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जिससे बसों के निर्बाध संचालन में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत